रबूपुरा डेडलाइन।
दो सप्ताह पहले मिर्जापुर गांव में हुई युवक सतीश की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या कर्ज चुकाने से बचने के लिए उसके दोस्त ने अपने भाई के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
गत 20 नवम्बर को मिर्जापुर गांव निवासी युवक सतीश अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसे खूब तलाश किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इधर एक सप्ताह बाद गांव के जंगलों में स्थित एक नाले में सड़ी गली अवस्था में उसका शव पड़ा मिला। मृतक के भाई ने गांव के ही रहने वाले उसके दोस्त महेश उर्फ नत्थी व कुछ अज्ञात लोगों पर हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के 9 दिन बीतने के बाबजूद वारदात का खुलासा न होने से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार को रबूपुरा कोतवाली का घेराव करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की थी। जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी महेश उर्फ नत्थी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी महेश का घर मृतक सतीश के पास गिरवी रखा हुआ था। साथ ही मृतक के एक लाख रुपये भी बतौर कर्ज हत्यारोपी पर थे। बताया जाता है कि कर्ज के कुछ पैसे हत्यारोपी ने जुए में हारे थे। उधर हत्यारोपी महेश के भाई नरेश पर भी मृतक के 90 हजार रुपये कर्ज बतौर थे। कर्ज के पैसे वापस न देने पड़े इसके लिए दोनों भाइयों ने सतीश की हत्या करने की साजिश रची। साजिश के तहत 20 नवम्बर को महेश ने रात को करीब 9 बजे फोन पर सतीश को गांव बाहर बुलाया। उसे खूब शराब पिलाई। उसके बाद चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। शव ठिकाने लगाने के उद्देश्य से दोनों भाइयों ने मिलकर शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उधर दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


Post A Comment: