आशीष सिंघल नोएडा:
जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर बीएन सिंह ने समस्त स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जन स्वास्थ्य से जुड़ी हुई सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं का जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों के द्वारा और कड़ी कार्यवाही करते हुए जन जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए ताकि सरकार की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य योजना का लाभ जनता को प्राप्त हो सके। श्री सिंह अपने कैंप ऑफिस नोएडा के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार का बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित हो रहा है। जिसके अंतर्गत 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को खसरा रूबेला जैसी बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। इसका लाभ समस्त बच्चों को पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यदि किसी स्कूल में किसी प्रकार की परेशानी हो रही है तो उसके संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से सामजस्य स्थापित करते हुए बच्चों को टीकाकरण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समस्त चिकित्सक सरकार की मंशा के अनुरूप अपनी अपनी ड्यूटी पर समयबद्धता के साथ उपस्थित होकर स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जनता को पहुंचाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित हो इसके लिए समस्त चिकित्सालय में दवाई समाप्त होने से पूर्व उसकी तैयारी विभागीय अधिकारियों द्वारा समय रहते की जाए ताकि सभी बीमारियों की दवाइयां सरकारी अस्पतालों में निशुल्क जनता को प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर समस्त अधिकारियों को बधाई दी और यह भी कहा कि यह उनके लिए और अधिक चैलेंज के रूप में कार्य करना होगा ताकि है मानक आगे भी इसी प्रकार जनपद का बना रहे। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के उद्देश्य से पीसीपीएनडीटी एक्ट का भी जनपद में कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने अपने स्तर पर अल्ट्रासाउंड सेंटरों की अचानक जांच करने के लिए इंगित किया है, और इस कार्य में कढ़ाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने इस बात पर विशेष बल दिया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आसानी के साथ प्राप्त कर सकें। आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अनुराग भार्गव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी नेपाल सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ढाका तथा अन्य चिकित्सा अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।


Post A Comment: