24Exprss news aligarh 9:00 pm
 3-12-18, 

✍आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बढ़े हुए मानदेय के अलावा प्रोत्साहन राशि के रूप में 500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे
प्रधानमंत्री की घोषणा के मुताबिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बढ़े हुए मानदेय के अलावा 500 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। हालांकि यह प्रोत्साहन राशि उन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ही मिलेगी जो महीने में कम से कम 25 दिन तक लगातार पोषण से संबंधित कार्य कर रही होंगी। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग आईसीडीएस ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जिसे सोमवार को होने वाली सीएम योगी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल सकती है। इससे करीब प्रदेश की पौने चार लाख आंगनबाड़ी सहायिकाएं व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लाभ होगा। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर के निकट बन रहे जेवर एयरपोर्ट के टेंडर डॉक्युमेंट के प्रस्ताव को भी आज मंजूरी दी जाएगी। इस बैठक में कुल 5 प्रस्ताव पर मंजूरी की संभावना है
✍एडीजे तृतीय के न्यायालय से दहेज हत्या में पति को उम्रकैद व ससुरालियों को 7 साल की सजा का दिया गया दंड
दहेज हत्या के मुकदमे में एडीजे तृतीय संजय कुमार सप्तम के न्यायालय से पति को उम्रकैद की सजा और 12 हजार रुपये का जुर्माना व सास-ससुर और जेठ को सात-सात साल की सजा तथा सात-सात हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया गया है। अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता एडीजीसी तेजवीर सिंह चौहान ने बताया कि क्वार्सी के इकरी निवासी बनी सिंह ने 30 मई 2015 को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसने चार साल पहले अपनी दो बेटी पिंकी व बंटी की शादी हरदुआगंज के गांव कोंडरा निवासी सगे भाई ब्रजेश व सौदान के साथ की थी। शादी के बाद ससुरालियों ने दहेज के लिए उत्पीड़न शुरू किया तो उसकी बेटी बंटी अपने पति ब्रजेश के साथ अलग रहने लगी। जबकि छोटी बेटी पिंकी पति सौदान के साथ ससुराल में ही रहती रही। आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज में भैंस व अपाचे बाइक की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। जब मांग पूरी नहीं हुई तो उसकी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस मामले में मृतका के पिता ने पति सौदान, ससुर गोपाल, सास गायत्री, जेठ महेश व ननद गुड़िया को नामजद किया। न्यायाधीश ने ननद को बरी करते हुए ससुर, सास व जेठ को सजा सुनाई है।
✍अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर मयूरी शाखा द्वारा दिव्यांग महिला को ट्राई साइकिल बांटी
भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानी खुदानुर खां की पुत्रवधू द्वारा 66 वर्षीय दिव्यांग महिला अनीसा बेगम निवासी धौर्रा बाईपास को एक ट्राई साइकिल दी गई। यह ट्राई साइकिल अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के मौके पर मयूरी शाखा द्वारा रविवार को दिव्यांगों को बांटी गई। इस मौके पर संयोजक लता गुप्ता, नेहा जैन, पूनम गुप्ता, रेखा वार्ष्णेय, बीना अग्रवाल, दीप्ति गुप्ता, काजल धीरज , नीतू आदि मौजूद रहे।

✍हिंदू महासभा के अध्यक्ष ने सावरकर को  गद्दार कहने पर सपा महासचिव रामजीलाल सुमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को दी तहरीर
अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के खिलाफ थाना गांधी पार्क में रविवार को देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने को तहरीर दी। आरोप है कि रामजीलाल सुमन ने जिन्ना को देशभक्त और सावरकर को एक बयान में गद्दार बताया है। गांधी पार्क थाने में तहरीर देते हुए हिंदू महासभा के मंडल अध्यक्ष जयवीर शर्मा ने कहा कि महापुरुषों का अपमान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि जिन्ना इस देश का गद्दार था उसने भारत विभाजन करवाया। रामजीलाल उसे महान बताकर गंदी राजनीति करने का सबूत दिया है। कहा कि सभी जानते हैं कि वीर सावरकर ने देश को गुलामी से आजाद कराया था। उन्हें गद्दार कहना कितना शर्मनाक है ऐसा कहकर रामजीलाल सुमन देश के स्वतंत्रता सेनानियों को देशद्रोह की पंक्ति में खड़ा कर दिया है। उनके इस बयान से दो वर्गों के बीच शत्रुता पैदा हो गई है।

✍गरीबों व असहाय लोगों को ठंड से बचाने के लिए 100 कंबल व रजाई का किया वितरण
क्षेत्र पिसावा हाउस जेल रोड स्थित कार्यालय पर समाज के पिछड़े निर्धन व असहाय लोगों व उनके परिवार को बढ़ती ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए निशुल्क कंबलों का वितरण किया गया। यह आयोजन प्रोफेसर फाउंडेशन की तीसरी वर्षगांठ के मौके पर गरीबों के नाम एक पहल है इस दौरान एसडीएम सिटी श्याम बहादुर सिंह कंबल वितरण करते हुए लोगों से बच्चों को पढ़ाने का जोर दिया। फाउंडेशन द्वारा सौ कंबल और रजाई वितरित की गई इस मौके पर डॉ. मोहम्मद उमर, मोहम्मद इकबाल, चंदन सिंह, आसिम, तौसीफ ,नंदकिशोर आदि मौजूद रहे

✍फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने आज से आंदोलन व दस दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया एलान
सरकार द्वारा विभिन्न मांगों पर सुनवाई न करने से आक्रोशित डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन सोमवार से अपने आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत करेगा। एसोसिएशन ने दूसरे चरण के आंदोलन का कार्यक्रम जाहिर करते हुए 10 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। रविवार को जारी बयान में राजकीय फार्मासिस्ट महासंघ अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि 15 नवंबर को महानिदेशालय का घेराव करने के बाद अब तक न किसी स्तर पर कोई वार्ता हुई ना ही कोई कार्रवाई हुई है।

✍अलीगढ़ जेल में डीआईजी ने मारा छापा जहां सब कुछ मिला सामान्य
डीआईजी जेल आगरा रेंज संजीव त्रिपाठी ने कई अफसरों व कर्मचारियों के साथ रविवार को यहां जेल में छापा मारा। पिछले दिनों रायबरेली जेल में कैदी ने खुदकुशी कर ली थी। फिर इसी जेल में असलाह- कारतूस के साथ शराब पी रहे कैदियों का वीडियो वायरल हुआ। मामला छाने जाने के बाद शासन ने सभी डीआईजी को टीम गठित कर जेलों में छापा मारने के निर्देश दिए। रविवार को शाम करीब 5:30 बजे यहां जेल के गेट पर डीआइजी संजीव त्रिपाठी के नेतृत्व में मथुरा, फिरोजाबाद, आगरा, मैनपुरी जेलों के कई अफसरों की टीम पहुंची। टीम ने जेल के कर्मचारियों व अधिकारियों के मोबाइल जब्त कर लिए करीब 3 घंटे तक टीम ने दफ्तर, बैरक, अस्पताल, मेस आदि में छानबीन की। जेल में साफ-सफाई, खानपान, बंदियों के रहन-सहन के साथ उनके पास मौजूद धनराशि की जांच की। बंदियों से भी पूछताछ कर जानकारी ली। टीम को जेल से किसी भी प्रकार की कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। टीम को वरिष्ठ जेल अधीक्षक आलोक सिंह, जेलर डॉ. राजेश कुमार समेत जेल स्टाफ मौजूद मिला। डीआईजी दो दिन पहले ही गाजियाबाद की डासना जेल में छापेमारी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ जेल में सब सामान्य मिला है।

चौ. सुनील सिंह द्वारा सफेदपुरा में हुआ लोकदल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन
धनीपुर के ग्राम सफेदपुरा में  लोकदल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट हुआ। उद्घाटन लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी चौ. सुनील सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग के लिए खेल क्षेत्र में भी सुनहरे हैं। जिले में अच्छी एकेडमी की जरूरत है। प्रतिभावान खिलाड़ी की मदद की जाएगी। उन्हें नेशनल एकेडमी में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। पहला लीग मैच कैप्टन क्लब और टाइगर ग्रुप के बीच हुआ। जीतू ने पांच चौके व एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 37 रन बनाए। टाइगर ग्रुप 14 ओवर में सभी विकेट खोकर 76 रन बना सका। जवाब में उतरी कैप्टन क्लब की टीम 32 रन पर ढेर हो गई। जीतू को लोकदल जिलाध्यक्ष देवानंद ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।

✍रविवार को सुनील अरोड़ा ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त का पद संभाला
सुनील अरोड़ा ने रविवार को देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) का पद संभाल लिया। वह 23वें  मुख्य चुनाव आयुक्त बने हैं।  पदभार संभालते ही उन्होंने चुनावों को 'पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा नैतिक' बनाने पर जोर दिया। इसके लिए उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों, मीडिया, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से सहयोग की अपील की। अरोड़ा के मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर रहते हुए 2019 का लोकसभा चुनाव संपन्न होगा।

✍छह दिसंबर से 69 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन होंगे शुरू
शिक्षकों की भर्ती के ऑनलाइन आवेदन से पहले पांच दिसंबर को इसके लिए विज्ञापन जारी होगा। परीक्षा छह जनवरी को होगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने रविवार को परीक्षा का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके अनुसार शिक्षक भर्ती के लिए छह दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 20 दिसंबर होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 21 दिसंबर रखी गई है। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा डॉ. प्रभात कुमार के अनुसार आवेदन पूर्ण करने और प्रिंट लेने की अंतिम तारीख 22 दि
✍अलीगढ़ के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने की समीक्षा बैठक, बैठक के दौरान अधिकारियों से ली स्टेटस रिपोर्ट,बाद में मीडिया को बताई सरकार की उपलब्धियां
अलीगढ़ के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा यहां दो दिवसीय दौरे के लिए आए जिसमें दूसरे दिन उन्होंने सभी विभागों की समीक्षा बैठक की इस बैठक के दौरान सरकार की चल रही विभिन्न योजनाओं की स्टेटस रिपोर्ट तलब की साथ ही वर्तमान में क्या प्रगति है इसकी भी जानकारी प्राप्त की उसके बाद कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस के अधिकारियों से बैठक कर समीक्षा के बाद में मीडिया से बात करते समय उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को बताया,अलीगढ़ जनपद को पूरी तरह खुले में शौच से मुक्त कर दिया गया है साथी आयुष्मान योजना में दो लाख 41 हजार लोगों को कार्ड वितरित किए जाने हैं, तथा गौशाला निर्माण के लिए 8 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है जो शीघ्र स्वीकृत हो कर आ जाएगा और सरकार की कई महत्वपूर्ण योजना चल रही हैं उनके सकारात्मक परिणाम है। बैठक में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रघुराज सिंह,विधायक संजीव राजा,अनिल पाराशर,राजबीर दिलेर,रविंद्र पाल सिंह,अनूप प्रधान,ठाकुर दलवीर सिंह,जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह,महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत,सहित अन्य प्रशासनिक और राजनीतिक लोग मौजूद रहे।

✍ कई अरब की जमीन कब्जा मुक्त कराकर प्रशासन ने रचा इतिहास- प्रभारी मंत्री
अलीगढ़ के प्रभारी मंत्री रविवार केा अपने दो दिवसीय सरकारी दौरे पर अलीगढ़ पहुॅचे थे एक भव्य कार्यक्रम में जनपद व मण्डल को ओडीएफ घोषित किया था। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने जनपद स्तरीय अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए जहाॅ एक ओर भूमाफियाओं द्वारा कब्जाई गयी लगभग 1149 करोड़ की सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने पर खुशी का इजहार किया और जिलाप्रशासन को बधाई दी।उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश या प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही है जिसके बाद आम जनता ने राहत की साॅस ली है।

✍जमालपुर में देर रात चार बाइक सवार बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर नकदी व जेवर लूटे
सलीम पुत्र समीप निवासी जमालपुर के यहां रविवार की देर रात दो बाइकों पर 4 लोग आए और हथियारों के बल पर घर में प्रवेश कर गए। परिवार के सभी लोगों को एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद अलमारी में रखे 25 हजार रुपये और लाखों रुपये के जेवरात अपने कब्जे में कर लिए। परिवार के कुछ लोगों ने शोर मचाने की कोशिश की तो उन पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी दी और भाग जाने में सफल रहे। परिजनों का आरोप है कि सलीम की शादी दो साल पहले बेगमपुर से हुई थी। उसकी ससुराल के लोग ही थे जो बाइकों पर सवार होकर आए और लूटपाट कर चले गए। सूचना पर सीओ समेत थाने का पुलिस फोर्स पहुंच गया और जांच-पड़ताल की। इस संबंध में सीओ पंकज कुमार ने बताया कि मामला पारिवारिक लग रहा है अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर कार्यवाही की जाए।

✍चार या पांच दिसंबर तक टीईटी परीक्षा का परिणाम आएगा
राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2018 का परिणाम 4 या 5 दिसंबर तक आएगा। परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव अनुल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि परीक्षा परिणाम तैयार किया जा रहा है। 4 दिसंबर की रात या 5 दिसंबर की दोपहर तक परिणाम जारी कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 18 नवंबर को ही टीईटी 2018 आयोजित की गई थी।

✍मीजल्स रूबैला अभियान के अंतर्गत कठैरा के जूनियर हाई स्कूल में किया गया टीकाकरण
डीएम चन्द्र भूषण सिंह के निर्देश पर जनपद में मीजल्स/ रूबैला अभियान चलाया जा रहा है। जनपद में चलाए जा रहे मीजल्स रूबेला टीकाकरण के अन्तर्गत अकराबाद ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल कठैरा में टीकाकरण सम्पन्न हुया जिसमें स्कूल के छात्रों को मीजल्स रूबेला के टीके लगाऐ गए।

✍भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-दावे और आपत्तियों के निस्तारण की तिथियों के संबंध में, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया पत्र जारी
कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश लखनऊ के पत्र के माध्यम से संप्रति चल रहे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली उनके विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2019 से संबंधित संशोधित समय सारणी उपलब्ध कराई गई है।इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 1-1-2019 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की तिथि दिनांक 30-11-2018 में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। अपितु दावे और आपत्तियों के निस्तारण से अंतिम प्रकाशन होने की गतिविधियों की तिथियों में परिवर्तन किया गया है। जिसके अनुसार अंतिम प्रकाशन दिनांक 15 जनवरी 2019 के स्थान पर 31 जनवरी 2019 को किए जाने के निर्देश आयोग ने जारी किए हैं

✍नगर निगम ने ठोका 75000 का जुर्माना,शाहजमाल में बनेगा पहला सिटी फारेस्ट
मण्डलायुक्त अजय दीप सिंह के भ्रमण से पूर्व नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने व्यवस्थाओं का अधिनस्थों के साथ जयज़ा लिया। श्री पटेल ने सबसे पहले डबल टंकी प्रागंण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय उक्त प्रांगण में सेवानिवृत्व कार्मिक इजहार द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण व कब्जा करके प्रागंण  में रहने पर जमकर फटकार लगायी और मौके पर जोनल अधिकारी व स्वच्छता निरीक्षक को तत्काल कार्यवाही कर अतिक्रमण हटाते हुये अवैध कब्जाधारी को हटाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने शाहजमाल ग्लोरियस पब्लिक स्कूल के निकट अवैध रूप से बालू बदरपुर की ब्रिकी कर रहें दो व्यक्तियों पर अलग.अलग 25000 कर जुर्माना लगाया वही उसी के बराबर में खाली प्लांट में गदंगी व कूड़ा पड़े होने पर उसी बालू बदरपुर स्वार्मी के विरूद्ध 25000 का और जुर्माना लगाया। नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय जोनल अधिकारी राजेन्द्र सिंह व स्वच्छता निरीक्षक आरसी सैनी को उक्त दोनों जुर्माने की धनराशि 75000 वसूल करने के सख्त निर्देश दिये।

✍मंगलायतन विश्वविद्यालय  में डिप्लोमा की टीम ने जीती सीरीज मैन आॅफ दी सीरीज सौरभ तो मैन आॅफ दी मैच रहे मनीश
मंगलायतन विश्वविद्यालय में हुए अंतरविभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट-2018 में डिप्लोमा की टीम विजयी रही।वहीं बीफार्मा की टीम रनर रही।विवि के खेल प्रशिक्षक संजीव कैथवास ने बताया कि विभिन्न विभागों से 13 टीमों ने इस टूर्नामेंट में प्रतिभाग किया।टूर्नामेंट के फाइनल में डिप्लोमा और बीफार्मा की टीम के बीच मुकाबला हुआ।फाइनल मुकाबले में 26 रन से जीत कर ये टूर्नामेंट डिप्लोमा ने अपने नाम कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। दोनों टीमों से उनके कप्तानों बीफार्मा और डिप्लोमा से  क्रमशः सौरभ चैधरी और आशीष ने अच्छा प्रदर्शन किया।20 ओवर के इस मैच में मैन आॅफ दी मैच डिप्लोमा टीम के खिलाड़ी मनीष को मिला।जबकि मैन आॅफ दी सीरीज का खिताब सौरभ चैधरी ने जीता। खिलाड़ी किशनवीर ने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया।

✍अतरौली सड़क हादसे मे बी. एस.सी.छात्रा की मौत और एक गंभीर रूप से घायल
अतरौली कोतवाली के ग्राम राजमार्गपुर मे मिथलेश कुमारी पुत्री चंद्रपल सिंह उम्र 20 वर्ष की सड़क हादसे मे मौत हो गयी जानकारी के अनुसार मिथलेश अपनी सहेली योगेन्द्री के साथ अतरौली ललारम डिग्री कालेज से पढ़कर अपने घर साईकिल जा रही थी रास्ते मे पिलखुनी से आगे नहर पर पीछे से आ रही मार्शल कार ने टक्कर मर दी जिसमे मिथलेश गंभीर रूप से घायल हो गयी और योगेन्द्री के दोनों पैर खराब हो गए टक्कर देख आस पास के लोग एकत्रित हो गए और मार्शल गाड़ी को पकड़ लिया और गाँव मे सूचना कर दी जिससे गाँव वाले और परिवार के लोग आ गए और पुलिस को सूचना कर दी पुलिस मौके पर आकर गाड़ी को अपने कब्जे मे ले लिया और मिथलेश को उपचार के लिए अलीगढ़ ले गये लेकिन रास्ते मे मिथलेश ने दम तोड़ दिया और दूसरी लड़की के दोनों पैर खराब गए उसे भी उपचार के लिए एडमिट करा दिया है

✍पुलिस ने चेकिंग में 49 वाहनों के काटे चालान
अलीगढ़ पुलिस ने  सोमवार को जनपद में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जिसमें 49 वाहनों के चालान किए गए।इसके साथ ही मौके पर 25100  रुपए समन शुल्क बसूल किया। जनपद में पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए 36 लोगों को किया गिरफ्तार।

✍भारत निर्वाचन आयोग ने आपत्तियों के निस्तारण की अवधि को बढ़ाकर दिनांक 22 दिसंबर 2018 तथा नामावालियों का अंतिम प्रकाशन 31 जनवरी 2019 की
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रेस अर्हता दिनांक 1-1-2019 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में नियत कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अवधि दिनांक 10 दिसंबर 2018 को बढ़ाकर दिनांक 22 दिसंबर 2018 करते हुए नामावलियों का अंतिम प्रकाशन दिनांक 15 जनवरी 2019 के स्थान पर अब दिनांक 31 जनवरी 2019 को किये जाने के निर्देश दिए हैं।
24Express news. Aligarh
अलीगढ़ की ताजा ख़बरों के लिए खबरों की जानकारी देने और विज्ञापन (एसएमएस,  वाट्सएप कराने के लिए सम्पर्क करें 
Jitendra Garg
24Express news Aligarh
9359080748
Share To:

Post A Comment: