स्वरूप नगर इलाके में एक युवती ने फरवरी में बुजुर्ग लिव इन पार्टनर को दो हिस्सों में काट कर घर में ही दफना दिया। लेकिन बुधवार को मकान मालिक के आने से मामले का खुलासा हो गया।
नई दिल्ली,  बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक युवती ने बुजुर्ग लिव इन पार्टनर की हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए। इसके बाद सिर को भलस्वा इलाके में फेंक दिया, जबकि धड़ को घर पर खाली जगह में दफन कर दिया। यही नहीं, हाथ और पैर के टुकड़े दूसरी जगहों पर फेंक दिए। शक होने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। कब्र को खोदने पर सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने झारखंड निवासी आरोपित युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, स्वरूप नगर निवासी 60 वर्षीय राजेश करीब नौ साल से झारखंड निवासी 30 वर्षीय युवती सुनीता के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। राजेश पहले सुनीता की मां के साथ लिव इन में रहते थे। उनके झारखंड जाने के बाद इन दोनों में संबंध बन गए।
दोनों एक ही फैक्ट्री में काम करते थे और साथ-साथ रहते थे। उससे सुनीता को एक बेटा भी हुआ, जो अब करीब आठ साल का है। 14 फरवरी से अचानक राजेश गायब हो गया। बुधवार की शाम को सीताराम बाजार निवासी मकान मालिक जब किराया लेने पहुंचे तो उन्होंने मकान के पीछे खाली पड़े भाग में कुछ हिस्सा खुदा हुआ देखा। शक होने पर उन्होंने पूछताछ की, तो उसने पहले गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन बाद में पूरी सच्चाई बता दी।
पहले राजेश का सिर काटा फिर अलग किए हाथ पैर
सुनीता ने पुलिस को बताया कि राजेश अक्सर शराब के नशे में आकर उसके साथ मारपीट करता था। इससे वह तंग आ गई थी। वह उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। 13 फरवरी की रात को राजेश ने फिर से उसकी पिटाई की इस पर उसने चाकू से हत्या कर सिर को भलस्वा डेरी इलाके में फेंक दिया। इसके बाद धड़ से हाथ व पैर अलग कर दिए। धड़ को घर के पीछे खाली जमीन में दफना दिया, शेष टुकड़े जगह-जगह फेंक दिए। पुलिस बरामद टुकड़ों का डीएनए टेस्ट कराएगी।
साभार जागरण न्यूज़ आशीष सिंघल 
Share To:

Post A Comment: