प्रतीकात्मक तस्वीर
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, जिले में बदमाश विनीत उर्फ बटलर कई व्यपारियों और डॉक्टरों से फिरौती मांग रहा था.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. इसमें दोनों तरफ से गोलियां चली. जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया. जबकि तीन बदमाश पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए. एसपी सहित कई थानों की फोर्स फरार अपराधियों की तलाश कर रही है.
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार जिले में बदमाश विनीत उर्फ बटलर कई व्यापारियों और डॉक्टरों से फिरौती मांग रहा था. इनमें जूता व्यापारी सत्यवीर सिंह से पिछले 8 दिनों से बटलर की तरफ से 15
लाख की फिरौती की मांग की जा रही. पीड़ित सत्यवीर ने मामले की शिकायत एसपी संजीव त्यागी से की थी. एसपी ने मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस की 6 टीमों को अपराधियों के पीछे लगा दिया. देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश नजीबाबाद हाईवे की तरफ जा रहे हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी. इस बीच पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी बदमाशों पर गोलियां चलाई. जिसमें बदमाश विनीत उर्फ बटलर को गोली लग गई. घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने बताया कि इसी बदमाश ने जूता व्यापारी और डॉक्टर से 15 लाख की रंगदारी मांगी थी. जबकि अन्य तीन बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहे.
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो बाइक बरामद की हैं. एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि कई थानों की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम फरार बदमाशों की तलाश कर रही है. उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
साभार न्यूज़ 18 हिंदी आशीष सिंघल


Post A Comment: