अमेठी। उत्तरप्रदेश में अमेठी की नवनिर्वाचित सांसद स्मृति ईरानी ने हमलावरों की गोली के शिकार पूर्व प्रधान सुरेन्द्र सिंह के शव को कंधा दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि जामो क्षेत्र के बरौला गांव में पूर्व प्रधान सुरेन्द्र सिंह की हथियारबंद बदमाशों ने शनिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वे अपने घर के बरामदे में गहरी नींद में थे। पूर्व प्रधान को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया गया।

सुरेंद्र सिंह ने स्मृति ईरानी के लिए लोकसभा चुनाव में सक्रिय रूप से प्रचार किया था जिसकी बदौलत भाजपा कांग्रेस को उसके गढ़ में मात देने में सफल हुई थी। इस चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 55,000 से अधिक मतों से पराजय का सामना करना पड़ा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्मृति ईरानी ने अमेठी पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ता को भावभीनी श्रद्धाजंलि दी और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। सांसद ने पूर्व प्रधान के शव को कंधा दिया और शवयात्रा के साथ कुछ दूर तक साथ चली। योगी सरकार के राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने भी मृतक भाजपा नेता के शव को कंधा दिया।

सूबे के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने दावा किया है कि इस मामले में 7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्यारों के करीब है और उम्मीद है कि मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मामला राजनीतिक प्रतिद्धंदिता से जुड़ा हो सकता है हालांकि इस मामले में भूमि विवाद और पारिवारिक रंजिश की बात भी सामने आई है। इस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपियों की धरपकड़ का काम पूरा कर लिया जाएगा।

इस बीच पूर्व प्रधान की हत्या को लेकर गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस के अलावा पीएसी को तैनात किया गया है। मृतक के पुत्र अभय ने कहा कि उसके पिता स्मृति ईरानी के प्रचार में दिन-रात लगे रहते थे जिसे क्षेत्र में कांग्रेस के समर्थक पसंद नहीं करते थे। ईरानी की विजय यात्रा में भी उनके पिता ने हिस्सा लिया था।
साभार वेब दुनिया न्यूज़ आशीष सिंघल 


Share To:

Post A Comment: