आशीष कुलश्रेष्ठ 






ग्रेटर नोएडा, 7  नवम्बर, 2019। जनपद गौतम बुद्ध नगर के सभी  उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर बुधवार को सुपोषण स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। सुपोषण स्वास्थ्य मेले में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच व उनको उचित आहार एवं आराम के बारे में परामर्श दिया गया। जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन लिया गया, उनका टीकाकरण किया गया। कुपोषित बच्चों की माताओं को उचित आहार के विषय में जानकारी दी गई। इसके अलावा दंपतियों को गर्भनिरोधक भी उपलब्ध कराए गए।

जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी ने बताया सुपोषण स्वास्थ्य मेले के दौरान गर्भवती महिलाओं की जांच की गई और उन्हें उचित आहार की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं को बताया  गर्भ के दौरान कैल्शियम और आयरन की ज्यादा आवश्यकता होती है। इसलिए डॉक्टर की सलाह से कैल्शियम और आयरन की गोलियां नियमित रूप से लेती रहें। गर्भवती महिलाओं को बताया  - गर्भ के दौरान मां स्वस्थ रहेगी तभी वह स्वस्थ बच्चे को जन्म देगी। बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए गर्भकाल और जीवन के पहले दो वर्ष यानि शुरू के हजार दिन बड़े महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान ही बच्चे पर कुपोषण का सबसे अधिक प्रभाव होता है। बच्चे को दो वर्ष की आयु के बाद काफी प्रयास करने पर भी कुपोषण के दुष्प्रभावों से बचाना मुश्किल होता है। इसलिए प्रसव पूर्व मां के खानपान और बच्चे के पहले दो वर्षों के दौरान  उसके खानपान पर ध्यान रखना बहुत जरूरी हो जाता है। पहले छह माह तक बच्चे को केवल स्तनपान कराएं। इस अवधि के लिए जरूरी पोषण उसे मां के दूध से मिल जाता है लेकिन छह माह की आयु पूरी करने के बाद बच्चे को पूरक आहार देना जरूरी हो जाता है। आयोजन के दौरान गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के विषय में भी जानकारी दी गई और प्रसव होने के बाद मां का पहला पीला गाढ़ा दूध पिलाए जाने की महत्ता भी बताई गई।

मेले में लाभार्थियों में पोषाहार के उपयोग के प्रति रुचि उत्पन्न करने के उद्देश्य से पुष्टाहार से व्यंजन निर्मित किये गये और उनको प्रर्दशित किया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण किया गया। इसके अलावा बच्चों को टीके लगाए तथा कुपोषण के शिकार बच्चों की पहचान की गयी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया स्वास्थ्य मेले में गर्भवती धात्री महिलाओं व बच्चों को स्वास्थ्य तथा पोषण सेवाएं एक ही मंच से प्रदान की जाती हैं। सुश्री तिवारी ने ग्रामसभा दुजाना तथा बादलपुर में आयोजित सुपोषण स्वास्थ्य मेले का भ्रमण किया।
Share To:

Post A Comment: