रेनू शर्मा.....





बुलंदशहर, 8 दिसंबर 2019। नुमाइश मैदान में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से शनिवार को निशुल्क स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में सुबह से मरीजों की भीड़ लग गई। जनपद के विभिन्न स्थानों से पहुंचे लोगों ने विभिन्न जांच कराईं। मेले में वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने अधिकतर मरीजों को नियमित व्यायाम की सलाह दी। उन्होंने कहा व्यायाम से तन-दुरुस्त रहता है। शनिवार को पहले दिन करीब 2689 मरीजों के पंजीकरण हुए। मेला रविवार तक चलेगा। 

स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ बुलंदशहर के सांसद डा. भोला सिंह, सदर विधायक वीरेंद्र सिरोही, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल, स्याना विधायक देवेंद्र लोधी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. केएन तिवारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर सांसद डॉ. भोला सिंह ने कहा मोदी सरकार द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे इनका लाभ सीधे आमजन को मिल सके। आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार दिया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. केएन तिवारी ने कहा- स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क परामर्श एवं दवा की व्यवस्था है। इसमें लोग ईसीजी, पैथौलॉजी जांच (मूत्र शुगर, ब्लड शुगर, एच.वी बलगम), दांत, आंख, नाक, गले की जांच करा सकते हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रोहताश यादव ने बताया मेले में पहले दिन सुबह से मरीजों की भीड़ लग गई। 2689 मरीजों ने पंजीकरण कराया। मेले में रक्त जांच एवं रक्तदान के लिए भी शिविर लगाया गया है। इसमें कोई भी रक्तदान कर सकता है। मेले में आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथिक इलाज की भी व्यवस्था है। स्वास्थ्य मेला की व्यवस्था जिला मलेरिया अधिकारी डा. बीके श्रीवास्तव द्वारा की गई है। 
.........
Share To:

Post A Comment: