रबूपुरा डेडलाइन।


रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में कुछ दबंग युवकों द्वारा एक दलित बिरयानी बेचने वाले युवक की पिटाई का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि दबंगों ने केवल इसलिए दलित को पीटा क्योंकि वह दलित जाति का होकर खाने का सामना बेच रहा था। हमले से पहले दबंगों ने उसकी जाति पूछी थी और वह उसके बिरयानी बेचने से खफा थे। वारदात का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ने दबंगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर सौंपी है। 
जानकारी अनुसार कस्बा रबूपुरा के मोहल्ला अम्बेडकर निवासी लोकेश पुत्र मोमराज गांव गांव जाकर शाकाहारी बिरयानी बेचता है। इसी से उसके परिवार का गुजारा हो रहा है। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह गांव मोहम्दाबाद खेड़ा में बिरयानी बेच रहा था। तभी वहां गांव के कुछ दबंग युवक आ पहुंचे और बिरयानी खाने लगे। इसी दौरान युवकों में से एक ने बिरयानी बेचने वाले की जाति पूछ ली। बिरयानी वाले ने खुद को जैसे ही दलित जाति का बताया, सभी दबंग युवक आग बबूला हो गए और उसकी बिरयानी फेंक दी। दबंगों ने उसके साथ जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज की। अरोप है कि दबंगों ने दलित होने के बावजूद युवक के खाने की वस्तु बेचने पर उसकी जमकर पिटाई की और खूब भला बुरा कहा। यही नहीं, दबंगों में से एक युवक ने अपने मोबाइल से पिटाई का वाकायदा वीडियो भी बनाया। जिसे बाद में वायरल कर दिया। राहगीरों ने पीड़ित को उनके चंगुल से बचाया। दलित युवक की पिटाई का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ युवक पीड़ित को जाति सूचक गालियां देते हुए पीटते दिख रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले की लिखित शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। रबूपुरा कोतवाली प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Share To:

Post A Comment: