24Express news Aligarh
Date 10/12/18 9:00pm
 Jitendra Garg

✍ऐडिलेड टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 31 रनों से हराया
भारत ने ऐडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 31 रनों से हराकर इतिहास रच दिया है।यह पहला मौका है जब भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में सीरीज का पहला टेस्ट जीता है।ऑस्ट्रेलिया के सामने दूसरी पारी में जीत के लिए 323 रनों का लक्ष्य था,लेकिन पांचवें दिन उसकी पूरी टीम 291 रन बनाकर आउट हो गई।भारत ने चार मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। 10 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में जीता टेस्ट भारत ने जनवरी 2008 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट मैच जीता है। 2008 में भारत ने पर्थ मे ऑस्ट्रेलिया को 72 रनों से हराया था।वहीं ऐडिलेड में भारत ने आखिरी बार 2003 में टेस्ट मैच जीता था।पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में हाफ सेंचुरी लगाने वाले चेतेश्वर पुजारा को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया
✍ताजमहल के दीदार का अब देनी होगी 5 गुना ज्यादा फीस
अब आगरा का ताजमहल देखने की हसरत रखने वाले लोगों के लिए बुरी खबर है।ताजमहल का दीदार अब और महंगा हो गया है। शाहजहां और मुमताज के प्रेम की निशानी इस संगमरमरी इमारत को देखने के लिए लगने वाले टिकटों की दरों की नई व्यवस्था लागू होने वाली है।इसके तहत ताजमहल देखने का खर्च अब 5 गुना बढ़ जाएगा। ताजमहल पर भीड़ के प्रबंधन के लिए यह फैसला लिया गया है।ताजमहल देखने वालों की बढ़ती भीड़ को प्रबंधित करने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा नई टिकट व्यवस्था लागू की जा रही है।आज से ताजमहल का टिकट महंगा हो जाएगा।पहले जहां देशी पर्यटकों को ताजमहल के दीदार के लिए 50 रुपये चुकाने होते थे वहीं अब इसके लिए उन्हें 250 रुपये चुकाने होंगे। विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी टिकट की दरों में वृद्धि की गई है। विदेशी पर्यटक जहां अब तक ताजमहल देखने के लिए 1100 रुपये देते थे वहीं अब उन्हें 1300 रुपये प्रति टिकट देने होंगे।गौरतलब है कि 200 रुपये का यह अतिरिक्त शुल्क शाहजहां और मुमताज की कब्र वाले गुंबद में जाने के लिए लगाया गया है। जो पर्यटक कब्र वाले गुंबद में नहीं जाना चाहते,उन्हें अब भी 50 रुपये का ही शुल्क देना होगा।ऐसे लोग ताजमहल के प्लेटफॉर्म से चारों तरफ यमुना का नजारा देख सकेंगे लेकिन अंदर प्रवेश नहीं कर पाएंगे। अंदर प्रवेश करने के लिए उनसे अतिरिक्त टिकट की मांग की जाएगी जिसकी कीमत 200 रुपये होगी।
✍बीएड - बीटीसी वालों से आधे नंबर मिले तो भी शिक्षामित्रों को मिलेगी नौकरी
परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 69 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए सरकार ने जो नियम बनाए हैं उसके आधार पर बीटीसी या बीएड अभ्यर्थियों की तुलना में शिक्षामित्र आधी नंबर पाकर भी शिक्षक बन जाएंगे। 6 जनवरी को प्रस्तावित लिखित परीक्षा में कटऑफ नहीं होने के कारण शिक्षामित्रों के सहायक अध्यापक बनने की राह अन्य अभ्यर्थियों से आसान हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने बिना टीईटी सहायक अध्यापक पद पर समायोजित 1.37 लाख शिक्षामित्रों का समायोजन 25 जुलाई 2017 को निरस्त कर दिया था। साथ ही सरकार को निर्देश दिया था कि दो भर्तियों में शिक्षामित्रों को उनके अनुभव का लाभ वेटेज के रूप दिया जा सकता है। एक भर्ती 68500 हो चुकी है दूसरी भर्ती 69000 की होने जा रही है सरकार ने शिक्षामित्रों के प्रत्येक सेवा वर्ष के लिए 2.5 अंक (अधिकतम 25 अंक) का अधिभार देने का निर्णय लिया है जो भर्ती के लिए बनने वाले गुणवत्ता अंक में सीधे जुड़ेगा। इसी वेटेज के कारण शिक्षामित्रों की मेरिट अन्य अभ्यर्थियों की तुलना में अधिक हो रही है। शिक्षक भर्ती परीक्षा में टीईटी 2018 में सफल 366285 और टीईटी 2017 में सफल 47,975 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।

✍अलीगढ़ जिले में रोड सेफ्टी की योजना के तहत विभाग ने दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा
जिले में विभाग ने रोड सेफ्टी के लिए योजना तैयार कर ली है। इस योजना के तहत विभाग ने लगभग 2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही विभाग कार्य शुरू करा देगा। जिले में कुल करीब 11 ब्लैक स्पॉट चिन्हित हैं। जिन स्थानों पर ज्यादा हादसे होते हैं उन्हें ब्लैक स्पॉट माना जाता है। लोक निर्माण विभाग में दो खंड कार्यरत हैं। प्रांतीय खंड और निर्माण खंड। प्रांतीय खंड में करीब तीन स्पॉट है तो निर्माण खंड में आठ ब्लैक स्पॉट चयनित हैं। इन स्थानों को विकसित करने के साथ ही सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध करना विभाग का कार्य है। ऐसे में कुछ दिनों पहले वीसी में पीडब्ल्यूडी के विभागाध्यक्ष  ने रोड सेफ्टी के प्रबंध करने की सूची व प्रस्ताव मांगा था। जिसे विभाग ने तैयार कर भेज दिया। प्रांतीय खंड के तेजवीर सिंह ने बताया कि लगभग एक करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। इसमें क्रैस वैरियर, रिपीटेड वार स्ट्रिप्स (ब्रेकर) और ताला नगरी स्थित चौराहे को विकसित करने के लिए लगभग एक करोड़ का प्रस्ताव बनाया है। इसी तरह निर्माण खंड में भी लगभग एक करोड़ का रोड सेफ्टी प्लान बनाया गया है। यह प्रस्ताव बनाकर विभाग ने शासन को भेज दिया है।

✍आज से पीसीएस परीक्षा 2016 के लिए होंगे इंटरव्यू
पीसीएस भर्ती परीक्षा 2016 में इंटरव्यू का सामना करने के लिए अभ्यर्थियों ने इतिहास और समसामयिक मुद्दों पर तैयारी के साथ ही कुंभ को विशेष तवज्जो दी है। आज से पीसीएस परीक्षा के लिए इंटरव्यू शुरू होंगे। इसमें प्रशासनिक कार्यों की कड़ी परीक्षा को लेकर मानसिक परख होने की अधिकांश अभ्यर्थियों को संभावना है। तो यूपीपीएससी के नए बोर्ड की ओर से पहली बार इंटरव्यू लिए जाने पर उनके तेवर और ताजा तरीन मुद्दों पर प्रश्नों के कलेवर से अभ्यर्थियों के माथे पर चिंता की लकीरें भी हैं।

✍रविवार को अचानक बिजली जाने के कारण रेलवे स्टेशन पर लगी लिफ्ट में फंसा बालक
सासनी गेट इलाके के भुजपुरा का दस वर्षीय बालक अकरम बड़ी बहन अफरोज के साथ फिरोजाबाद जाने के लिए स्टेशन पर आया था। दोपहर के वक्त परिजन प्लेटफार्म दो पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। अकरम स्टेशन पर लगी लिफ्ट में बैठकर खेलने लगा। ऊपर से नीचे जाने व आने के दौरान लिफ्ट की बिजली चली गई इससे अकरम लिफ्ट में ही फंसा रह गया। खुद को बंद देखकर अकरम चीखने लगा। अकरम की आवाज सुनकर व लिफ्ट के बंद होने पर अफरोज व अन्य परिजन सहायक स्टेशन मास्टर कक्ष में पहुंचे और जानकारी दी। रेलवे के टेक्निकल टीम दौड़ते हुए पहुंची और मशीन को खोलकर अकरम को बाहर निकाला तभी बिजली आ गई। अकरम के सकुशल बाहर आने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। यात्रियों का कहना है कि लिफ्ट पर कर्मचारी की तैनाती नहीं है ऐसा होने से लिफ्ट के खराब होने की स्थिति में यात्रियों को बाहर निकालने की कोई व्यवस्था नहीं है।

✍प्रदेश सरकार ने लघु एवं सूक्ष्म श्रेणी के उद्योगों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से भू उपयोग परिवर्तन शुल्क में छूट देने का किया फैसला
प्रदेश में लघु, मध्यम व सूक्ष्म श्रेणी के उद्योगों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत देने का फैसला किया है। इसके तहत कृषि भूमि में छोटे उद्योगों के लगाने पर उस भूमि का औद्योगिक भूमि में परिवर्तन शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि यह सुविधा लेने वाली इकाइयों को कई शर्तों का पालन करना होगा। भू - उपयोग परिवर्तन शुल्क से छूट पाने वाली इकाइयों का संचालन 5 साल तक करना होगा। यह सहूलियत एमएसएमई, निर्यात प्रोत्साहन नीति में अनुमन्य उद्योगों को ही मिलेगी। सिर्फ उद्योग या औद्योगिक पार्क के लिए ही संबंधित भूमि का उपयोग किया जा सकेगा। शर्तों का उल्लंघन करने पर भू - उपयोग परिवर्तन शुल्क में दी गई छूट स्वतः समाप्त हो जाएगी।

✍अलीगढ़ के कारोबारी को शनिवार की शाम मथुरा (राया) में बदमाशों ने लूटा
शादी में शामिल होने मथुरा राया आ रहे अलीगढ़ के कारोबारी की कार को बदमाशों ने तेल टपकने का झांसा देकर रुकवाया और पिछली सीट पर रखा एक लाख की नकदी से भरा बैग लेकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अलीगढ़ से गांव स्यारौल निवासी सुनील चौधरी पुत्र बच्चू सिंह की इंदौर में खाद और बीज की फैक्ट्री है। शनिवार को व्यापारी भाई लवकुश चौधरी के साथ फुफेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए राया के गांव अयेरा आ रहा था। कार सवार दोनों भाई राया कस्बे में पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो युवकों ने कार के बोनट से तेल निकलने का इशारा किया। कार को किनारे खड़ा करके दोनों भाई बोनट को खोलकर देखने लग गए। कहीं से तेल न निकलने पर दोनों भाई बोनट को बंद करके कार में बैठे तो बदमाश पिछली सीट पर रखे नकदी भरे बैग को लेकर भाग गए। कैश गायब होने का हल्ला मचा तो आसपास के लोगों की भीड़ भी जुट गई।

✍उज्जवला योजना के तहत साल भर में मिल रहे 12 सिलेंडरों में से 50 फीसदी का ही उपयोग कर रहे गरीब
जनपद में उज्जवला योजना का भविष्य उज्जवल नजर नहीं आ रहा है। मुफ्त में सिलेंडर, चूल्हा एवं अन्य उपकरण मिलने के बावजूद स्थिति यह है कि जिले से हर साल 40 से 50 फीसदी सिलेंडर सरकार के पास वापस जा रहे हैं। यह स्थिति देहाती क्षेत्र में ही नहीं बल्कि शहरी क्षेत्र में भी है इससे जहां ऑयल कंपनियां हैरान है तो योजना की प्रासंगिकता भी संदेह के घेरे में आ गई है। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह के अनुसार जिले में कुल 1.41 लाख कनेक्शन हैं जिनमें से 60 फीसदी खपत शहरी क्षेत्र में और 50 फीसदी खपत देहाती क्षेत्र में है। सिलेंडर हर साल सरकार के पास वापस जा रहे हैं। पिछले दिनों आयल कंपनियों के साथ हुई समीक्षा में इसका खुलासा हुआ है।आयल कंपनियों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में जिक्र था की उज्जवला योजना के लाभार्थी थोड़े लाभ के लिए अपने हिस्से के साल के 12 सिलेंडरों में से कुछ पड़ोसियों को दे देते हैं इससे उनकी अतिरिक्त आय हो जाती है।
24Express news Aligarh
अलीगढ़ की ताजा ख़बरों के लिए खबरों की जानकारी देने और विज्ञापन (एसएमएस, वाट्सएप ) कराने के लिए सम्पर्क करें 9359080748
Jitendra Garg
Share To:

Post A Comment: