(आशीष सिंघल)
शनिवार दिनांक 15/12/2018 को ग्राम बादौली बांगर में नारी सशक्तिकरण संकल्प अभियान के अंतर्गत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया ।इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं ने प्रतिभाग किया। लोकाधिकार संगठन व मानवाधिकार संगठन की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती वीना शुक्ला इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को सशक्त होने के लिए अपने अधिकारों को जानने और उनका प्रयोग करने का संदेश दिया। उनके अलावा श्रीमती लता दुबे, श्रीमती सरोज अरोड़ा व श्रीमती गीता सागर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। शिक्षा विभाग से ए.बी.आर.सी. अशोक कुमार व रामकुमार शर्मा उपस्थित रहे।अशोक कुमार ने विस्तार पूर्वक शिक्षा के क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह संदेश भी दिया कि शासन की योजनाओं से लाभान्वित होकर अपने जीवन व देश में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। रामकुमार शर्मा ने सुकन्या समृद्धि योजना के संबंध में बताते हुए कहा कि कैसे इस योजना का लाभ उठाकर महिलाएं अपनी बेटियों का भविष्य सुरक्षित कर सकती हैं। नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम की जिला टीम की सदस्य श्रीमती ज्योतिर्मय पाण्डेय ने इस कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए योजनाओं की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने आर्थिक रूप से सशक्तिकरण का तरीका बताते हुए कहा कि महिलाएं सशक्त तो हैं ही,बस उन्हें अपने अधिकारों के विषय में जानकारी प्राप्त कर जागरूक होने की आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम की जिला टीम की दूसरी सदस्य श्रीमती रश्मि त्रिपाठी ने की तथा कार्यक्रम का संचालन श्रीमती किरन कुशवाहा स.अ.ने किया।इस अवसर पर विशेष रूप से आमंत्रित शिक्षिका श्रीमती आरती कुलश्रेष्ठ ने नारी के बहुआयामी व्यक्तित्व को एक कविता के माध्यम से बताकर उन्हें अपने आप में विश्वास रखते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से डाॅ.अनीक ने, आंगनबाड़ी श्रीमती सुनीता ने महिलाओं के लिए अपने- अपने विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के विषय में जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन उपस्थित जनसमूह के साथ रैली निकाल कर कराया गया।इस अवसर पर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के पूरे स्टाफ ने उपस्थित रहकर सहयोग किया।






Post A Comment: