गौतमबुद्ध नगर में भी चली मोदी लहर। डा. महेश ने खिलाया कमल,अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा।
ग्रेटर नोएडा आशीष सिंघल । गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर फतह करने में कामयाब रही। केंद्रीय मंत्री व पार्टी प्रत्याशी डा. महेश शर्मा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा-सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी सतबीर नागर को 334743 मतों से हराया। डा. महेश शर्मा को 828164 मत मिले। गठबंधन प्रत्याशी सतबीर नागर को 493421 मत मिले। कांग्रेस प्रत्याशी 41950 को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस समेत बाकी सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। भाजपा प्रत्याशी ने 2019 में अपने 2014 में मिले मतों का रिकार्ड को तोड़ दिया। तब उन्होंने सपा के नरेंद्र भाटी को करीब दो लाख 81 हजार मतों से हराया था। इस बार बसपा और सपा ने मिलकर चुनाव लड़ा। बावजूद इसके गठबंधन प्रत्याशी भाजपा को कोई खास चुनौती नहीं दे सके। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हालत बेहद पतली रही। कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना देर रात तक संपन्न हुई।
नोएडा फेज दो स्थित फूलमंडी में सुबह आठ बजे से मतगणना प्रारंभ हुई। शुरुआत में ई बैलेट की मतगणना होनी थी। लेकिन क्यू आर कोड ओपन होने में तकनीकी खामी के चलते ई बैलेट की गणना शुरु नहीं हो सकी। इसके बाद ईवीएम के मतों की गणना शुरू हुई। करीब डेढ़ घंटे बाद नोएडा विधानसभा के पहले चक्र का आंकड़ा प्रशासन ने घोषित किया। इसके बाद दादरी व जेवर विधानसभा के पहले चक्र की घोषणा की गई। नोएडा में सबसे अधिक 43 चक्रों में मतों की गणना हुई। दादरी में 39 व जेवर में 28 चक्र हुए। करीब साढ़े 11 बजे चुनाव आयोग का निर्देश मिलने पर ई बैलेट की गणना मैनुअल की गई। मतगणना के दौरान जेवर विधानसभा की तीन ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी आ गई। दो ईवीएम में मत शून्य दर्शाए जाने पर वीवी पैट की पर्ची से मतों की गणना की गई। जबकि तीसरी ईवीएम में मतदान के दौरान मॉक पोल के वोट डिलीट न किए जाने पर वीवी पैट से मतों की गणना हुई। मतगणना का अंतिम चरण पूरा होने के बाद प्रत्येक विधानसभा पांच-पांच बूथ की वीवी पैट की पर्ची से मतों की गणना की गई।
शुरुआत से ही भाजपा प्रत्याशी डा. महेश शर्मा ने गठबंधन प्रत्याशी पर बढ़त बना ली। हर चक्र के साथ जीत का अंतर बढ़ता गया। देर शाम मतगणना समाप्त होने तक भाजपा प्रत्याशी गठबंधन प्रत्याशी पर साढ़े तीन लाख मतों की बढ़त बना चुके थे। फूलमंडी के बाहर मौजूद गठबंधन व कांग्रेस समेत निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक गौतमबुद्ध नगर समेत देश में राजग की प्रचंड जीत को देखते हुए दोपहर तक वहां से चले गए।
अपना ही रिकार्ड तोड़ा डा. महेश ने
भाजपा प्रत्याशी डा. महेश शर्मा ने गौतमबुद्ध नगर सीट पर मत प्राप्त करने का अपना ही रिकार्ड तोड़ दिया। 2014 में उन्हें 599702 वोट मिले थे। 2019 में उन्हें 828164 मत मिले। इस तरह उन्होंने इस बार पिछले चुनाव की तुलना में 228462 मत अधिक मिले। जबकि दूसरे स्थान पर रहे सपा प्रत्याशी नरेंद्र भाटी को 319490 मिले थे।


Post A Comment: