यूपी में एक और निठारी जैसा कांड सामने आया है. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म कर उन्हें अपनी हवस का शिकार बनाता था. अपने इस शर्मनाक कांड को आरोपी सीसीटीवी में कैद भी करता था. स्कूल की ड्रेस, कॉपी-किताब और रुपयों का लालच देकर आरोपी बच्चियों को घर पर बुलाता था. इस कांड में उसकी नौकरानी भी मददगार है. नौकरानी फरार बताई जा रही है.
मेरठ में हुई है निठारी जैसी घटना
निठारी कांड जैसी ये घटना मेरठ, यूपी की है. सर्किल ऑफिसर (सीओ) मेडिकल थाना हरी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी विमल चंद के घर से सीसीटीवी की डीवीआर, कंप्यूटर, सीडी और दूसरे सामान को जब्त कर लिया गया है. उसकी जांच की जा रही है. घर की तलाशी में और भी सामान मिला है, जिसकी जांच की जा रही है.
सीसीटीवी से खुला ये कांड
आरोपी विमल के घर में कई जगह सीसीटीवी लगे हुए हैं. ऊपर के एक कमरे में डीवीआर रखी बताई जा रही है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच में डीवीआर में 3 से 4 बच्चियों के शिकार बनने की बात सामने आ रही है. सीओ ने बताया कि अभी लैब भेजकर डीवीआर की जांच कराई जाएगी. आरोपी के घर से बड़ी संख्या में अश्लील सीडी भी मिली हैं.
सीसीटीवी फुटेज से पता चल रहा है कि आरोपी बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने से पहले उन्हें अश्लील सीडी दिखाता था. साथ ही ये भी खुलासा हुआ है कि जब आरोपी ये सब हरकतें कर रहा होता था तो उसकी नौकरानी भी वहीं मौजूद रहती थी.
2 साल से चल रहा था खेल
चर्चा तो ये भी है कि आरोपी विमल पिछले 2 साल से ये सब हरकतें अपने घर में कर रहा था. पुलिस के अनुसार आरोपी के घर से बरामद कंप्यूटर की जांच के अनुसार ये खेल पुराना है. करीब 2 साल से आरोपी बच्चियों को शिकार बना रहा था. आरोपी एलआईसी से रिटायर्ड अधिकारी बताया जा रहा है. मेरठ के जागृति विहार में आरोपी की खासी शानदार कोठी बताई जा रही है.
नौकरानी ऐसे लाती थी लड़कियां
आरोपी विमल के घर काम करने वाली नौकरानी फरार बताई जा रही है. इस पूरे मामले में नौकरानी के शामिल होने के सुबूत सीसीटीवी फुटेज से मिल चुके हैं. स्कूल के लिए किताब, ड्रेस और दूसरे सामान का लालच देकर नौकरानी बच्चियों को आरोपी के घर लाती थी. घर में ही उन्हें ड्रेस पहनाती थी. नौकरानी द्वारा बच्चियों को लाने-ले जाने की कई फुटेज सीसीटीवी में मिली हैं.
साभार न्यूज़ 18 हिन्दी आशीष सिंघल


Post A Comment: