आशीष सिंघल ग्रेटर नोएडा

लखनऊ :- यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 49 शिक्षकों को बुधवार को ‘राज्य शिक्षक पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में शिक्षकों को 25-25 हजार रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रेरणा एप का लोकार्पण किया।इस कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि बीते ढाई वर्ष के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। हम शिक्षकों के प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ष हमने 49 जनपदों के श्रेष्ठ शिक्षकों को सम्मानित किया। हमारा प्रयास है कि अगले वर्ष हम सभी 75 जनपदों के शिक्षकों को सम्मानित करें, उससे हमको भी प्रसन्नता होगी।प्रेरणा एप’ को लॉन्च करते हुए सीएम योगी बोले- ‘आज बेसिक शिक्षा परिषद अच्छी दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसका परिणाम है कि मानव संसाधन मंत्रालय, भारत सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद को दीक्षा चैंपियन अवार्ड से सम्मानित किया है। हमें स्कूल चलो अभियान को जन-आंदोलन के रूप में विकसित करना होगा और यह हमारी-आपकी सहभागिता से ही संभव होगा।’सीएम ने कहा कि हमें बालक और बालिकाओं के अंदर परिश्रम का भाव पैदा करना होगा और उन्हें मुश्किलों का सामना करना सिखाना होगा। आज बेसिक शिक्षा परिषद उस दिशा में अग्रसर है, जहां वो अपने स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ उन्हें एक स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित कर अपने क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए आमंत्रित कर सकता है।
Share To:

Post A Comment: