डीआईओएस कार्यालय कर रहा महिला शिक्षिका का शोषण 
4 माह से जारी नहीं किया वेतन 

आशीष सिंघल दनकौर। दनकौर निवासी एक प्रिंसिपल की पुत्री का जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय 4 माह से आर्थिक शोषण कर रहा है। विद्यालय प्रबंधन समिति और प्रिंसिपल के द्वारा बार-बार भेजे गए पत्रों के बावजूद 4 माह से महिला शिक्षिका का वेतन जारी नहीं किया गया है। परिणाम स्वरूप महिला शिक्षिका का परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
      प्रदेश सरकार जहां शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के शिक्षकों को सम्मानित कर रही है वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम बुध नगर कार्यालय जिले की चेतराम शर्मा गर्ल्स इंटर कॉलेज की सहायक अध्यापिका श्रीमती मृदुला का 4 माह से आर्थिक शोषण कर रहा है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर सहायक अध्यापकों ने 6 मई को कॉलेज में कार्यभार ग्रहण किया था। कालेज की ओर से सहायक अध्यापक का वेतन बनाकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भेजा गया लेकिन बार-बार अनुस्मारक पत्र भेजने के बावजूद भी महिला शिक्षिका का वेतन जारी नहीं किया गया है। पीड़ित शिक्षिका मृदुला ने बताया कि काफी दिनों से कोर्ट में चल रहे विवाद से वह काफी आहत रही।अब जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय मानसिक तौर पर उनको प्रताड़ित कर रहा है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक नीरज पांडे का कहना था कि वह पत्रावली का अवलोकन कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। लेकिन पीड़ित शिक्षिका का कहना है कि वह कई बार जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के बाबुओं और डीआईओएस से निवेदन कर चुकी हैं लेकिन उनका वेतन जारी नहीं किया जा रहा। उनका परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
Share To:

Post A Comment: