(आशीष सिंघल)
नोएडा के सेक्टर-93 में शुक्रवार शाम को दिल्ली से फेरी लगाने आई चार महिलाओं और एक बच्चे को लोगों ने बच्चा चोरी के शक में पकड़ लिया। लोगों ने बच्चा महिलाओं के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर फेज दो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत किया। जांच में पता चला कि जिस बच्चे की चोरी के शक में महिलाओं को पकड़ा था, वह उनमें से ही एक महिला का बेटा था।
गेझा गांव के नाबालिग ने शुक्रवार शाम को पुलिस कंट्रोल रूम पर सेक्टर-93 में बच्चे के चोरी की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने चार महिलाओं व एक बच्चे को पकड़ रखा था। बच्चा चोरी के आरोप में लोगों ने महिलाओं की पिटाई भी की थी। लोगों का आरोप था कि महिलाओं के पास जो बच्चा है, उसे वे चोरी करके लाई हैं। बच्चा मात्र 8 महीने का था। पुलिस ने सभी महिलाओं को भीड़ से छुड़ाया।
पुलिस पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वह दिल्ली के बदरपुर की रहने वाली हैं। विभिन्न जगहों पर थैले व चटाई बेचती हैं। इन्हें बेचने के लिए भी नोएडा आई थीं। बच्चे की मां ने बताया कि बच्चा आठ महीने का होने के कारण वह उसको साथ ही रखती है। परिवार में देखभाल करने वाला नहीं है। पुलिस ने औपचारिकता पूरी करने के बाद महिलाओं व बच्चे को सकुशल दिल्ली भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि गांव के तीन नाबालिग ने पुलिस को बच्चा चोरी की झूठी सूचना दी थी। पुलिस ने तीनों के परिजनों को थाने में बुलाकर भविष्य में इस तरह की घटना न करने की हिदायत दी।
झूठी सूचना देने वाले को भीड़ ने पीटा
सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा में गुरुवार देर रात बच्चा चोरी की झूठी सूचना पर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर लहुलुहान कर दिया। पुलिस ने व्यक्ति को छुड़ाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पिटाई के डर से युवक उपचार बीच में छोड़कर जिला अस्पताल से भाग गया। सेक्टर-39 थाने में पुलिस को बच्चा चोरी की सूचना देने वाले के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रात करीब डेढ़ बजे युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि भीड़ एक व्यक्ति को पकड़कर बेरहमी से उसकी पिटाई कर रही है। पुलिस के पहुंचने पर भीड़ भाग गई।
साभार लाइव हिन्दुस्तान डॉट कॉम
·


Post A Comment: