रबूपुरा डेडलाइन
गांव मिर्जापुर में गत 26 अक्टूबर की रात को किसान नेता सुरजन सिंह के घर अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। नकाबपोश डकैत पांच लाख की नगदी समेत करीब आठ लाख रूपये का सामान ले गए थे। इसी मामले में पुलिस ने पिछले दिनों पड़ोसी गांव रोनीजा निवासी दो संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके विरोध में मंगलवार को हिरासत में लिए गए युवकों के परिजनों समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने रबूपुरा कोतवाली पहंुचकर जमकर हंगामा काटा। पुलिस पर युवकों को झूठा फंसाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए युवकों के घर की महिलाओं ने अपने उपर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें आत्मदाह से रोका। सूचना पाकर दनकौर, जेवर, इकोटैक थर्ड आदि थानों की पुलिस व एसपी देहात रणविजय सिंह और सीओ जेवर शरतचंद शर्मा मौके पर पहंुचे। एसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जा रही है। अगर पकड़े गए युवक निर्दोश हैं तो उन्हें छोड़ दिया जायेगा। किसी निर्दोश को जेल नहीं भेजा जायेगा। आश्वासन के बाद भी ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच दिनों से पुलिस युवकों को हिरासत में रखकर उनका उत्पीड़न कर रही है। बार बार मांग के बावजूद परिजनों को युवकों से मिलने नहीं दिया जा रहा। इससे पुलिस की बुरी मंश जाहिर होती है। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस युवकों पर थर्ड डिग्री का प्रयोग कर जबरन डकैती की वारदात कबूल करवाना चाह रही है। जबकि पकड़े गए दोनों युवकों का डकैती की वारदात से कोई लेना देना नहीं है।



Post A Comment: