रबूपुरा। बिरयानी बेचने वाले दलित युवक की पिटाई के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कस्बा रबूपुरा के मोहल्ला अम्बेडकर निवासी लोकेश पुत्र मोमराज गांव गांव जाकर शाकाहारी बिरयानी बेचता था। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह गांव मोहम्दाबाद खेड़ा में बिरयानी बेच रहा था। तभी वहां गांव के कुछ दबंग युवक आ पहुंचे और बिरयानी खाने लगे। इसी दौरान युवकों में से एक ने बिरयानी बेचने वाले की जाति पूछ ली। बिरयानी वाले ने खुद को जैसे ही दलित जाति का बताया, सभी दबंग युवक आग बबूला हो गए और उसकी बिरयानी फेंक दी। दबंगों ने उसके साथ जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज की। अरोप है कि दबंगों ने दलित होने के बावजूद युवक के खाने की वस्तु बेचने पर उसकी जमकर पिटाई की और खूब भला बुरा कहा। यही नहीं, दबंगों में से एक युवक ने अपने मोबाइल से पिटाई का वीडियो भी बनाया। जिसे बाद में वायरल कर दिया। राहगीरों ने पीड़ित को उनके चंगुल से बचाया। दबंग युवक यहीं नहीं रुके। पीड़ित जब अपने घर जाने लगा तो कुछ देर बाद रजवाहे के पास आरोपियों ने फिर से उसे रास्ते में रोककर मारपीट की और उसका ठेला व अन्य सामान फेंक दिया। दलित युवक की पिटाई का वीडियो तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में कुछ युवक पीड़ित को जाति सूचक गालियां देते हुए पीटते दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सोशल मीडिया में छा गया। बात पुलिस के आला अफसरों तक पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपी आनन्द पुत्र महेंद्र, सोनू पुत्र श्याम सिंह व एक अन्य के खिलाफ मारपीट व दलित उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर, सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


Post A Comment: